Shivrati Rudrapur update :महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रुद्रपुर पूरी तरह शिव भक्ति के रंग में डूबा नजर आया। शहर भर में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।
Shivrati Rudrapur update तड़के सुबह से शुरू हुआ जलाभिषेक
रविवार तड़के करीब चार बजे से ही शिव मंदिरों में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। नगर के प्रसिद्ध शिव शक्ति मंदिर, आवास विकास स्थित प्राचीन शिव शक्ति मंदिर, पांच मंदिर क्षेत्र का शिव मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, जयनगर और ट्रांजिट कैंप के शिव मंदिरों में विशेष रौनक रही। शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर से सुख-समृद्धि की कामना की।
Shivrati Rudrapur update हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़िए
महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में शिव भक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर रुद्रपुर पहुंचे। कांवड़ियों ने पूरे विधि-विधान से शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मंदिर परिसरों में भक्तों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया था, जिससे पूजा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
मंदिर समितियों और स्थानीय सेवाभावी संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए फलाहार और जलपान की व्यवस्था की गई थी। कांवड़ लेकर आने वाले शिव भक्तों को फल, पानी और प्रसाद वितरित किया गया। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही।
आस्था और भक्ति का संगम
महाशिवरात्रि के इस पर्व ने रुद्रपुर में आस्था, भक्ति और सामाजिक सहयोग का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। शिव भक्ति में लीन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने यह सिद्ध कर दिया कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि लोगों की गहरी आस्था और विश्वास का प्रतीक है।
